सरवानिया महाराज। शहर के मुख्य मार्ग के दोनों तरफ हो रहे अतिक्रमण को लेकर नगर परिषद ने अभियान चलाया। मुख्य नगरपालिका अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता व नगर परिषद अध्यक्ष रूपेंद्र सिंह जैन के निर्देशानुसार नगर परिषद सफाई इंचार्ज राजेश कुमार छपरीबंद व विजय कुमार दुर्गज आज दोपहर 1 बजे सफाई टीम को लेकर बस स्टैंड पहुंचे जहां रास्ते के दोनों तरफ नाले के ऊपर खड़े वाहनों, हाथ ठेला चालकों को एवं होटल व्यवसाय करने वालों को समझाइश देकर नाले के ऊपर हो रहे अतिक्रमण को हटवाया।
बता दे कि सरवानिया महाराज में मुख्य मार्ग के दोनों तरफ अतिक्रमण की समस्या काफी लंबे समय से चली आ रही है। जिसको लेकर नगर परिषद ने नीमच सिंगोली मुख्य मार्ग पर नाला निर्माण करवाया जिससे उक्त मार्ग पर थोड़ी जगह तो दिखी लेकिन होटल व्यवसाय, हाथ ठेला व वाहनों द्वारा नाले के ऊपर अतिक्रमण करने से पहले जैसी स्थिति बन गई है। जिसको लेकर नगर परिषद द्वारा आज पुनः कार्रवाई की गई।
इस विषय मे नगर परिषद अध्यक्ष जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि अब प्रतिदिन अभियान चलाकर नाले के ऊपर हो रहे अतिक्रमण को हटाया जाएगा। जिससे बस स्टैंड पर वाहनों से लगने वाले जाम की समस्या अति शीघ्र समाप्त हो जाएगी।