सरवानिया महाराज। शहर के प्रत्येक वार्ड में चलाए जा रहे हैं सफाई अभियान के तहत बेस्ट सफाई मित्रो का किया सम्मान। मुख्य नगरपालिका अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता व नगर परिषद अध्यक्ष रूपेंद्र सिंह जैन के निर्देशन पर शहर के प्रत्येक वार्ड में साफ सफाई अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत बुधवार को नगर परिषद कार्यालय पर सभी सफाई कर्मियों को बेस्ट सफाई मित्र का प्रशस्ति पत्र देकर उनको तिलक लगाकर एवं माला पहनाकर सम्मानित किया गया।
इस सम्मान समारोह के दौरान नगर परिषद अध्यक्ष रुपेंद्र सिंह जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत मिशन के तहत लोगों में साफ-सफाई के प्रति जागरूकता आई है। इसको बनाए रखने के लिए हमें सफाई कर्मियों के कार्यों की प्रशंसा करनी होगी और उनके मनोबल को भी बढ़ाना होगा।
सीएमओ राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि शहर के पूरे 15 वार्डों से प्रतिदिन कचरा संग्रहण किया गया। सार्वजनिक एवं व्यावसायिक क्षेत्रों में दिन में दो बार झाडू एवं रात्रिकालीन सफाई की गई। प्लास्टिक के विरूद्ध चला रहे अभियान व एनजीओ के माध्यम से जन जागरूकता कार्यक्रमों का निरंतर संचालन कर शहरवासियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता लाए जा रही है।
इस अवसर पर स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर हेमंत पुरोहित, नगर परिषद पार्षद प्रतिनिधि नाहर सिंह कानावत, सफाई इंचार्ज राजेश कुमार छपरीबंद, विजय कुमार दुर्गज, सहित नगर परिषद सफाई कर्मी उपस्थित थे।