आगर मालवा। कलेक्टर कैलाश वानखेड़े की अध्यक्षता में शनिवार को एनिमिया मुक्त भारत अभियान का प्रशिक्षण एवं समीक्षा बैठक जिला पंचायत आगर के सभाकक्ष में सम्पन्न हुई। कलेक्टर ने खून की कमी से शारीरिक प्रभाव पड़ते है साथ ही रोग प्रतिरोधक क्षमता कम हो जाने से कई बीमारियाँ जन्म लेती है, जिले के समस्त आशा सुपरवाईजर व बीसीएम एनीमिया मुक्त भारत के अंतर्गत स्कूल, आंगनवाड़ी एवं शाला त्यागी बच्चों को प्रति मंगलवार को आयरन की गोली खिलाना सुनिश्चित करें। आशा कार्यकर्ता के पास आयरन की गोली पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहे। उक्त कार्य की निरंतर मॉनिटरिंग एवं सुपरविजन ब्लॉक स्तर व जिला स्तर से किया जाए तथा एनिमिया की पहचान हेतु जन-जागरूकता लाई जाए। इस दौरान डीसीएम राकेश पडियार, डेवलपमेन्ट पार्टनर के संभागीय प्रतिनिधि आशीष पुरोहित द्वारा आशा सुपरवाईजर एवं बीसीएम को विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया तथा रिपोर्टिंग कार्य को समझाया गया। साथ ही दस्तक अभियान के अंतर्गत सभी बच्चों के खून की जांच करने हेतु कहा गया। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री डीएस रणदा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एसएस मालवीय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।