आगर मालवा। विकास यात्रा ने दूसरे दिन भी अपने निर्धारित रूट अनुसार भ्रमण किया। विकास यात्रा सोमवार को आगर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम जहांगीरपुरा से प्रातः 8ः00 बजे स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में शुरू हुई, जो जहांगीरपुरा, पिपलिया विजय, गुराडिया बडोद, बरखेड़ा, पिपलिया जाफर, लोधाखेड़ी, लोटियाकिशना, साबनी, कालूखेड़ी ढोढर, बरगढ़ी, बनोठीकला, ढ़ाबला आंजना, कलियारी, चैनपुरा, बड़नगर, रामनगर आदि गांव में पहुंची, जगह-जगह विकास यात्रा का ग्रामीण जनों द्वारा ढोल- ढ़माके से अगवानी की गई। गांव में पहुंचने पर विकास यात्रा के साथ आए जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों का ग्रामीणजनों द्वारा सरोफा बांधकर स्वागत किया गया। विकास यात्रा मार्ग में ग्राम जहांगीरपुरा, गुराडिया बडोद, लोधाखेड़ी, लोटियाकिशना, बरगढ़ी,डाबलाअंजना एवं रामनगर में कार्यक्रम आयोजित कर आमजन को संबोधित करते हुए जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा पात्रता अनुसार लाभ लेने के लिए आह्वान किया। इस मौके पर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं में हितलाभ का वितरण तथा मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के अंतर्गत पात्र व्यक्तियों को स्वीकृति पत्र का वितरण मंच से किया एवं विकास कार्यां का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया गया। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत नवनिर्मित आवासों में हितग्राहियों को गृह प्रवेश करवाया। यात्रा के दौरान गांवों में पौधरोपण भी किया गया। विकास यात्रा के साथ पूर्व विधायक गोपाल परमार, गोविंद सिंह बरखेड़ी, ओम मालवीय, कैलाश काका, जिला पंचायत सीईओ डी एस रणदा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं मैदानी स्तर के शासकीय सेवक उपस्थित रहे।