भोपाल। नेशनल हेल्थ मिशन मध्यप्रदेश (एनएचएम एमपी) की 7 फरवरी को होने वाली संविदा स्टॉफ नर्स भर्ती परीक्षा का पर्चा लीक ग्वालियर में हो गया। इसके बाद एनएचएम ने परीक्षा निरस्त कर दी है।
इसकी पुष्टि एनएचएम एमपी के मुख्य प्रशासकीय अधिकारी केके रावत के आदेश से हुई है, जाे परीक्षा एजेंसी के एमडी को लिखी गई है। वहीं ग्वालियर पुलिस ने पर्चा लीक मामले में 6 संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जो इलाहाबाद के रहने वाले हैं। पुलिस सभी से पूछताछ कर रही है। जानकारी के अनुसार ग्वालियर के डबरा की होटल से यूपी की इस गैंग को पकड़ा गया है।
एनएचएम एमपी की संविदा स्टॉफ नर्स भर्ती परीक्षा का एक परीक्षा केंद्र भोपाल के सैम कॉलेज में बनाया गया था। यहां दोपहर की पारी में स्टूडेंट्स को एग्जाम हॉल में बिठा लिया गया। परीक्षा, जब तय समय पर शुरू नहीं हुई तो उम्मीदवारों ने एग्जाम हॉल में ड्यूटी कर रहे पर्यवेक्षकों से पूछताछ की। उम्मीदवारों को पहले तो पर्यवेक्षकों ने एग्जाम सर्वर स्लो होने का हवाला दिया। करीब 10 मिनट बाद परीक्षा निरस्त होने की सूचना सभी उम्मीदवारों को दे दी। इससे नाराज परीक्षार्थियों ने भोपाल के रायसेन रोड स्थित सैम कॉलेज के बाहर विराेध प्रदर्शन करना शुरू कर दिया।