नीमच। एच3एन2 इनफ्लुएंजा देश में तेजी से फैल रहा है। नीमच के जिला चिकित्सालय और निजी चिकित्सालय में भी सर्दी खांसी बुखार के मरीज बड़ी संख्या में उपचार हेतु पहुंच रहे हैं। शहरवासियों में तेजी से फैल रहे हैं एच3एन2 को लेकर भय व्याप्त है। कोरोना की तरह इस रोग को भी गंभीर माना जा रहा है।
चिकित्सकों की सलाह है कि इस रोग से बचाव हेतु धूल, मिट्टी और ठंड से अपने आप को सुरक्षित रखें। चिकित्सकों की सलाह है कि मास्क पहने, भीड़ में जाने से बचे। मौसम में उतार-चढ़ाव के कारण इसकी तीव्रता में इजाफा हो रहा है। खांसी, जुकाम, बुखार, डायरिया, उल्टी और शरीर में दर्द की शिकायत इसके लक्षणों में शुमार हैं। लोगों की इम्युनिटी कमजोर होने से यह रोग तेजी से फैल रहा है।
डॉक्टरों का कहना है कि मास्क का उपयोग और सोशल डिस्टेंसिंग इसका बचाव का सबसे बेहतर तरीका है। डॉक्टर्स इस रोग के उपचार में एंटीबायोटिक दवाओं का उपयोग न करने की सलाह दे रहे हैं। वायरस से सबसे ज्यादा खतरा बच्चे, बुजुर्गों और पहले से ही डायबिटीज या अन्य बीमारियों से ग्रसित लोगों को बताया जा रहा है।