सिंगोली। मध्यप्रदेश-राजस्थान सीमा पर स्थित टाकरदा मोड़ के समीप शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे एक टैंपो और ट्रेलर के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसे में टैंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि उसका चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल चालक की पहचान राधेश्याम माली, निवासी भेसरोड़गढ़ (राजस्थान) के रूप में हुई है। दुर्घटना में उसके सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों की सहायता से घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिंगोली पहुंचाया गया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया।
हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही धागनमऊ चौकी पुलिस (राजस्थान) एवं सिंगोली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है तथा फरार ट्रेलर चालक की तलाश की जा रही है।