नीमच। स्कीम नंबर-36 ए स्थित सिद्धेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में आयोजित श्रीमद्भागवत ज्ञान गंगा महोत्सव में शुक्रवार को श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिकता का अद्भुत संगम देखने को मिला। कथा वाचिका अनन्या शर्मा ने श्रद्धालुओं को कर्म, भक्ति एवं गौसेवा का महत्व बताते हुए कहा कि मनुष्य को सदैव सत्कर्म करना चाहिए, क्योंकि जैसा कर्म होता है, वैसा ही फल प्राप्त होता है।
विश्व शांति एवं क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि की कामना को लेकर आयोजित कथा में अनन्या शर्मा ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, गोवर्धन धारण, वृंदावन महारास, पूतना वध, मधुमंगल प्रसंग सहित विभिन्न धार्मिक कथाओं का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने इन प्रसंगों के माध्यम से वर्तमान जीवन में धर्म, संस्कार और मानवता के महत्व को भी रेखांकित किया।
कथा के दौरान आयोजित भागवत पूजन एवं महाआरती में मध्यप्रदेश शासन के नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर मंत्री शुक्ला ने भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में डूबे मधुर भजनों की प्रस्तुति दी। उनके द्वारा प्रस्तुत लोकप्रिय भजन ष्राधे अलबेली सरकारष् पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे और पूरा परिसर राधे-राधे के जयघोष से गूंज उठा।
स्वागत-सम्मान के दौरान मंत्री शुक्ला ने अपने आत्मीय संबोधन में कहा कि वे स्वयं को इस परिवार का सदस्य मानते हैं और परिवार में औपचारिक स्वागत की आवश्यकता नहीं होती। उनके इस सहज भाव ने उपस्थित श्रद्धालुओं का मन जीत लिया।
आयोजकों ने बताया कि श्रीमद्भागवत कथा की पूर्णाहुति 7 जून को महाप्रसाद वितरण के साथ होगी। साथ ही तीन दिवसीय विशेष धार्मिक आयोजन के तहत श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर हरिओमदासजी महाराज के मुखारविंद से दिव्य दरबार एवं श्रीराम कथा का भी आयोजन किया जा रहा है।