बागली। देश की सुप्रसिद्ध महिला पहलवान विगत कई दिनों से दिल्ली में न्याय की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन कर रही है। जिसमें यौन शोषण के आरोपी सांसद बृजभूषण की गिरफ्तारी की मांग की जा रही है। लेकिन आज तक ब्रजभूषण की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। उसी की मांग को लेकर अखिल भारतीय जाट महासभा, राष्ट्रीय जाट तेजवीर सेना एवं समस्त जाट समाज की ओर से सोमवार को राष्ट्रपति के नाम का ज्ञापन बागली एसडीएम कार्यालय पहुंचकर एसडीएम शोभाराम सोनी को सोमवार को दिया गया। ज्ञापन में बताया गया है कि देश की महिला पहलवान जब मेडल जीतकर आई थी तो पूरे देश को गौरवान्वित किया था। उस दौरान प्रधानमंत्री ने भी इनका स्वागत किया था। लेकिन आज जब वह न्याय की मांग कर रहे हैं तो सरकार भी उनके साथ भेदभाव कर रही है और उन्हें अब समाज में बांटा जा रहा है।जबकि इन पहलवानों ने देश के लिए काम किया है और मेडल जीतकर लाए हैं। लेकिन आज उन्हीं खिलाड़ियों को सरकार एवं पुलिस प्रशासन का साथ नहीं मिलने के कारण न्याय के लिए धरने पर बैठना पड़ा है। जो बेहद शर्मनाक एवं निंदनीय है। इस घटना की पूरी जाट समाज कड़े से कड़े शब्दों में निंदा करता है। जाट समाज ने भारत सरकार एवं पुलिस प्रशासन से मांग की है कि यौन शोषण के आरोपी बृजभूषण को तत्काल गिरफ्तार करें जेल भेजें अन्यथा पूरे देश का माहौल खराब होगा। मध्य प्रदेश में जाट समाज चरणबद्ध तरीके से आंदोलन कर पूरे प्रदेश में चक्का जाम करेगा जिसका जिम्मेदार सरकार एवं प्रशासन होगा।