नीमच। शहर के पूर्व विधायक डॉ. सम्पत स्वरूप जाजू ने एक बयान में बताया कि शीघ्र ही मंदसौर-नीमच क्षेत्र को चंदेरिया (चित्तौड़गढ़) के रास्ते दिल्ली के लिए वंदे भारत ट्रेन की सुविधा मिल सकती है। उन्होंने कहा कि चंदेरिया स्टेशन से विभिन्न क्षेत्रों की लंबी दूरी की ट्रेनों का ठहराव पहले से ही होता है।
डॉ. जाजू ने क्षेत्र के सांसदों से मांग की है कि मंदसौर-नीमच के यात्रियों की सुविधा के लिए मंदसौर से चंदेरिया तक शटल (मेमू) ट्रेन सेवा उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने बताया कि रेल मंत्रालय ने आमजन की मांग और सुविधा को देखते हुए उदयपुर-दिल्ली वंदे भारत ट्रेन को चंदेरिया (चित्तौड़गढ़) के मार्ग से संचालित करने की स्वीकृति प्रदान की है। यह ट्रेन शीघ्र ही उदयपुर से दिल्ली के बीच नियमित रूप से अगले एक माह में शुरू होने की संभावना है।
डॉ. जाजू के अनुसार यह वंदे भारत ट्रेन उदयपुर से दिल्ली का सफर लगभग साढ़े आठ घंटे में पूरा करेगी। यह ट्रेन प्रातः उदयपुर से रवाना होकर दोपहर में दिल्ली पहुंचेगी तथा वापसी में दोपहर को दिल्ली से चलकर रात्रि में उदयपुर पहुंचेगी।
उन्होंने कहा कि मंदसौर-नीमच क्षेत्र के यात्रियों को दिल्ली जाने और आने के लिए यह सुविधा चंदेरिया स्टेशन से उपलब्ध होगी। चंदेरिया स्टेशन से देश के विभिन्न प्रमुख शहरों के लिए रेल सेवाएं उपलब्ध हैं तथा आने वाले समय में यहां और अधिक यात्री ट्रेनों के संचालन की संभावना है।
डॉ. जाजू ने यह भी मांग की है कि मंदसौर-नीमच क्षेत्र के यात्रियों को चंदेरिया से जोड़ने के लिए मंदसौर से नीमच होते हुए शटल (मेमू) ट्रेन सेवा प्रारंभ की जाए। उन्होंने सुझाव दिया कि प्रतिदिन कम से कम तीन फेरे इस रूट पर संचालित किए जा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि जब नीमच वर्ष 1990 के दशक में ब्रॉडगेज से जुड़ा था, तब सबसे पहले चित्तौड़गढ़ तक रेल सेवा प्रारंभ की गई थी।
अंत में उन्होंने आशा व्यक्त की कि क्षेत्र के सांसद इस मांग को गंभीरता से लेते हुए रेल मंत्री से मिलकर शीघ्र ही मेमू शटल सेवा शुरू करवाने का प्रयास करेंगे, जिससे मंदसौर-नीमच के लोगों को बेहतर रेल सुविधा मिल सके।