शाजापुर। पर्यावरण संरक्षण के लिए सभी को अपनी आदतों में बदलाव लाना होगा। छोटे-छोटे कामों से हम पर्यावरण को दूषित होने से बचा सकते हैं। यह बात कलेक्टर किशोर कन्याल ने आज विश्व पर्यावरण दिवस पर स्थानीय गांधी हॉल में आयोजित कार्यक्रम में कही। इस मौके पर डीएफओ मयंक चांदीवाल, अशोक नायक, नगरपालिका उपाध्यक्ष संतोष जोशी, अपर कलेक्टर बीएस सोलंकी, अनुविभागीय अधिकारी नरेन्द्र नाथ पाण्डेय, प्रभारी नगरपालिका सीएमओ एवं डिप्टी कलेक्टर महेन्द्र प्रताप सिंह किरार, तहसीलदार मधु नायक, जिला शिक्षा अधिकारी विवेक दुबे, पीआईयू कार्यपालन यंत्री एसके वर्मा, उपसंचालक कृषि केएस यादव, उद्यान मनीष चौहान, सीएमएचओ डॉ. आर. निदारिया, सिविल सर्जन डॉ. बीएस मैना, जिला आयुष अधिकारी डॉ. दाताराम जयंत, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण रविन्द्र वर्मा व पीएचई विजय सिंह चौहान, पार्षद दुष्यंत सोनी, दिनेश सौराष्ट्रीय, प्रेम यादव, दीप क्लेशरीया, विक्रम कुशवाह, महेश कुशवाह, जगदीश विश्वकर्मा, पीरूलाल चौहान, अजय चंदेल, चिनेश जैन, बीकेएसएन महाविद्यालय जनभागीदारी समिति अध्यक्ष विपुल कसेरा सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
कलेक्टर कन्याल ने संबोधित करते हुए कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस के पूर्व ही शाजापुर जिले में पर्यावरण दिवस 03 जून को चीलर नदी की सफाई के साथ मनाया गया। चीलर नदी सफाई में सहयोग देने वाले राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, अशासकीय संगठनों के प्रतिनिधियों, शासकीय सेवकों, स्थानीय व्यापारियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों सहित आम जनता को धन्यवाद दिया। उन्होंने बताया कि एक दिवसीय अभियान में 03 जून को चीलर नदी से ट्रेक्टर एवं डम्पर्स द्वारा लगभग 1000 राउंड लगाए गए तथा 5 हजार टन कचरा निकाला गया। चीलर नदी की सफाई की जिम्मेदारी उन्होंने अब स्थानीय नगरपालिका को देते हुए कहा कि नगरपालिका अभियान की निरंतरता बनाए रखें। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए लोगों से अनुरोध किया कि वे अपनी आदतों में बदलाव लाएं। सिंगल यूज प्लॉस्टिक का उपयोग नहीं करें। पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे रोपित कर उन्हें वृक्ष में बदलें। कार्य के दौरान न्यूनतम बिजली का उपयोग करें और कार्य समाप्ति पर स्वीच ऑफ करें। बच्चों को भी ऊर्जा बचत के लिए प्रेरित करें। इस मौके पर डीएफओ चांदीवाल ने पर्यावरण संरक्षण के लिए उपस्थित जनों को शपथ दिलाई।
इस अवसर पर नायक ने संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए पेड़-पौधों को अपने परिवार के सदस्य की तरह माने। पौधे लगाने के बाद उसका परिवार के सदस्य की तरह लालन-पालन करें एवं उसे वृक्ष में तब्दील करें। उन्होंने कहा कि पर्यावरण बचाना हम सबका दायित्व है।
इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष संतोष जोशी ने उपस्थित अतिथियों के प्रति आभार माना। इस मौके पर चीलर नदी सफाई में योगदान देने वाले शासकीय अधिकारियों, अशासकीय संगठनों, नगरपालिका के पार्षदों एवं कर्मचारियों का अशोक नायक द्वारा पुष्पहार पहनाकर सम्मान किया गया।
इसके पूर्व कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के मुख्य आतिथ्य में भोपाल के रविन्द्र भवन में “विश्व पर्यावरण दिवस” पर संपन्न हुए “यूथ फॉर लाईफ कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया। कार्यक्रम के समापन पर कलेक्टर सहित अन्य अतिथियों ने नगरपालिका परिसर में वृक्षारोपण भी किया।
--
वॉइस ऑफ़ एमपी की मुहीम- बेज़ुबान पक्षियों के लिए दान करें सकोरे या फिर अपने मकान की छत पर रखे सकोरे, भीषण गर्मी में सुने इनकी फ़रियाद।