देवास। नगर निगम के पार्षद दल ने शुक्रवार को देवास के मालीपुरा स्थित मुक्तिधाम का निरीक्षण किया। निरीक्षण में नगर निगम पार्षदों ने पाया कि मुक्तिधाम में नशेड़ियों की डेरा रहता है। साथ ही बच्चों के श्मशान में गंदगी फैली हुई है। नशा करने वाले नशा करने के बाद शराब की बोतल और अन्य सामग्री को मुक्तिधाम में ही यहां-वहां फेंककर चले जाते हैं। यहां पर कई लोग अंतिम संस्कार के लिए आते हैं, तो उनको असुविधा और गंदगी का सामना करना पड़ता है। पार्षदों ने कुछ लोगों को गांजा पीते हुए भी मौके पर पकड़ा। जिन्हें पार्षदों ने वहां से भगाया। पार्षदों ने बताया कि बच्चों के श्मशान में काफी गंदगी पड़ी है जिसे साफ करने के निर्देश दिए हैं। अंतिम संस्कार के लिए भी लकड़ी भी गीली दी जा रही है। कंडों का भी वजन 2 किलो होना चाहिए तो वह 1 किलो का ही निकला है। इसे लेकर भी तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए हैं ताकि यहां अंतिम संस्कार के लिए आने वाले लोगों को किसी प्रकार की कोई समस्या न हो। लकड़ियां गिली होती है तो अंत्येष्टि में भी काफी समय लगता है। इसलिए सूखी लड़कियां रखने को कहा है।तत्काल साफ सफाई करने और असामाजिक तत्वों के यहां आने पर रोक लगाने को कहा है।