नीमच। शहर के खारीकुआं स्थित मूलचंद मार्ग के ईदगाह रोड पर आज स्थानीय रहवासियों ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर चक्का जाम कर दिया। यहां काफी संख्या में आक्रोशित लोग इकट्ठा हो गए और दोनों तरफ की आवागमन को बाधित कर दिया। लोगों की मांग है कि यह घनी आबादी वाला क्षेत्र है। यहां हिंदू मुस्लिम सब लोग निवास करते हैं। मंदिर और ईदगाह जाने वाला रास्ता है। रोड ना होने के कारण बारिश कीचड़ फैल जाता है। जिससे अक्सर बुजुर्ग बच्चे और राहगीर गिर जाते हैं। काफी लोग चोटिल हो गए हैं।
रहवासियों ने बताया कि हम लोग लंबे समय से पार्षद और जनप्रतिनिधियों से मांग करते चले आ रहे हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। जिसकी वजह से आमजन को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। लोगों ने कहा कि अर्थी और जनाजा ले जाने में भी काफी परेशानी होती है। यहां के रहवासी नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा और सीएमओ महेंद्र वशिष्ठ को बुलाने पर अड़ गए। जाम के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाईश देने की कोशिश की। मौके पर पार्षद प्रतिनिधि राकेश सोनकर भी पहुंचे। उन्होंने कहा कि टीएस आ गई है, जल्द ही काम शुरू हो जाएगा। इंजीनियर द्वारा सर्वे कर लिया गया है। इसके बाद यहां के वार्ड वासी नगर पालिका पहुंचे। जिनके साथ कैंट थाना पुलिस भी नगरपालिका पहुंची।