कसरावद। महामण्डलेश्वरद्वय ईश्वरानंद महाराज, बालकदास महाराज और अयोध्याधाम हनुमानगढ़ी के महन्त कल्याण दास महाराज के साथ ही महन्तों, साधु संतो, पुजारियो , साध्वियों, संत सिंगाजी महाराज के कथावाचकों और ब्रम्ह समाज ने आज सोमवार को म.प्र. के पूर्व उपमुख्यमंत्री स्व. सुभाष यादव की दसवीं पुण्यतिथी पर उन्हें अपनी पुष्पांजलि और आदरांजलि अर्पित की । पूर्व केन्द्रीय कृषि राज्यमंत्री अरूण यादव और प्रदेश के पूर्व कृषि मंत्री एवं कसरावद के विधायक सचिन यादव द्वारा अपने पिताश्री की पुण्यतिथी पर आयोजित भक्ति दिवस के अवसर पर महामण्डलेश्वर ईश्वरानंद महाराज ने कहा कि सुभाष यादव निमाड़ और प्रदेश वासियों के लिए विकास पुरूष थे। मेरा मानना और कहना है कि वे विकास पुरूष के साथ ही विश्वास पुरूष थे। यहॉ के लोगों में उनके प्रति अगाध श्रद्धा और विश्वास था। लोगों का पक्का विश्वास था कि सुभाष यादव के पास जायेंगें तो हमारा काम निश्चित तौर पर होगा ।
अरूण यादव और सचिन यादव के प्रति भी है लोगों में श्रद्धा और भरोसा उत्तम स्वामीजी के नाम से भी प्रसिद्ध संत ईश्वरानंद महाराज ने कहा कि स्व. सुभाष यादव जननेता थे । उन्हें अपने पद, पैसा और प्रतिष्ठा की नहीं अपने समाज की चिंता हमेशा बनी रहती थी । यहॉ के लोगों की खुशहाली के लिए उन्होनें संघर्ष किया और मजबूती के साथ अपने लोगों के लिए खड़े रहे। ईश्वरानंद महाराज ने कहा कि अपने पिता की भांति ही अरूण यादव और सचिन यादव के प्रति भी लोगों में श्रद्धा और भरोसा है। इन दोनों भाईयों ने आज यहॉ बोरावां की धरती पर एक साथ इतने संतों को एकत्रित कर मिनी कंुभ का आयोजन कर दिया है। संत समाज का आशीर्वाद इन दोनों भाईयों, परिवार और निमाड़ वासियों के साथ सदैव बना रहेगा। अरूण यादव और सचिन यादव के बुलावे पर विशेष रूप से मौजूद म.प्र. के पूर्व मंत्री दीपक जोशी ने कहा कि स्व. सुभाष यादव म.प्र. के भगीरथ थे ।