खरगोन । पीजी कॉलेज खरगोन में गुरूवार को प्राचार्य डॉ. आरएस देवड़ा के मार्गदर्शन में महिला सशक्तिकरण समिति द्वारा निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। प्राचार्य डॉ. देवड़ा ने कहा कि हमें डॉक्टर्स के सामने अपनी समस्याओं को निसंकोच रूप से रखना चाहिए तभी उचित इलाज संभव है। महिला सशक्तिकरण समिति संयोजक डॉ. ललिता बर्गे ने छात्राओं में स्वास्थ्य परीक्षण को लेकर प्रोत्साहित किया। शिविर में एमडी मेडिसिन डॉ. बडोले, डॉ. संतोष मोरे, एमसीएच एमएस सर्जन, डॉ. सपना चौहान, स्त्री रोग विशेषज्ञ, डॉ. दीपिका बड़ोले, एमडी, डॉ. सुमित चौहान एमडी डर्मेटोलॉजिस्ट विशेषज्ञ के रूप में उपस्थित हुए। शिविर में छात्राओं को स्वास्थ्य से जुड़ी विभिन्न समस्याओं तथा उसके समाधान के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। शहर के पांच प्रतिष्ठित डॉक्टरों ने शिविर में त्वचा रोग, किडनी सम्बन्धी रोग, गठान तथा मस्सा सम्बन्धी रोग, यूरिन सम्बंधित समस्याएं, मेंस्ट्रुअल डिसऑर्डर, माइग्रेन, पीसीओएस इत्यादि के संबंध में छात्राओं को उचित परामर्श दिया गया। वहीं 100 छात्राओं का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. गणेश पाटिल एवं प्रो. मनोज भार्वे ने किया। कार्यक्रम का आयोजन प्रो. प्रणीता गुप्ता, डॉ. निशा गर्ग, डॉ. वैशाली मोरे, प्रो. संजय कोचक, डॉ. तुषार जाधव ने किया। एनएसएस की छात्राएं संवेदना, पूजा, श्रेया, रुचिका तथा आँचल ने भी व्यवस्था में भूमिका निभाई। इस अवसर पर महाविद्यालयीन स्टाफ एवं अधिकाधिक छात्राएं उपस्थित रही।