नीमच। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) 2026 की पुनः परीक्षा का आयोजन 21 जून 2026 को दोपहर 2 बजे से शाम 5.15 बजे तक जिले के दो परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। परीक्षा के लिए जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली हैं।
परीक्षा केंद्रों में श्री सीताराम जाजू कन्या महाविद्यालय, नीमच में 456 तथा स्वामी विवेकानंद पीजी कॉलेज, नीमच में 470 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इस प्रकार कुल 926 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशन में बिजली, सुरक्षा, स्वास्थ्य, यातायात एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति, जनरेटर, एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड एवं पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
नगर समन्वयक एवं केंद्रीय विद्यालय नीमच के प्राचार्य प्रियदर्शन गर्ग ने बताया कि परीक्षार्थियों का प्रवेश सुबह 11 बजे से प्रारंभ होगा तथा दोपहर 1.30 बजे के बाद किसी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र, एक पासपोर्ट साइज एवं एक पोस्टकार्ड साइज फोटो तथा वैध पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा।
परीक्षा केंद्रों पर बायोमेट्रिक सत्यापन, लाइव सीसीटीवी निगरानी एवं हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (एचएचएमडी) से जांच की व्यवस्था रहेगी। महिला एवं पुरुष अभ्यर्थियों के लिए पृथक प्रवेश और फ्रिस्किंग की व्यवस्था भी की गई है।
प्रशासन ने परीक्षार्थियों से समय से पूर्व परीक्षा केंद्र पहुंचने तथा परीक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।