चित्तौड़गढ़। जिले के दो दिवसीय वार्षिक निरीक्षण कार्यक्रम के तहत अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (प्रशिक्षण) राघवेंद्र सुहास ने पुलिस लाइन एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा संगठित अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एडीजी सुहास ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की संपर्क सभा लेकर उनसे सीधा संवाद किया। उन्होंने जवानों एवं अधिकारियों की सेवा संबंधी तथा व्यक्तिगत समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही कहा कि पुलिसकर्मियों का कल्याण, उनकी कार्यक्षमता और जनसेवा की भावना को मजबूत करना विभाग की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
इसके बाद आयोजित अपराध गोष्ठी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, वृत्ताधिकारी एवं थाना प्रभारियों के साथ जिले की कानून-व्यवस्था और अपराध की स्थिति की समीक्षा की गई। एडीजी ने गैंगवार, अवैध हथियार, मादक पदार्थ तस्करी, हार्डकोर अपराधियों और अन्य संगठित आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अनुसंधान की गुणवत्ता सुधारने, लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने तथा तकनीकी संसाधनों के अधिकतम उपयोग पर भी जोर दिया।
एडीजी सुहास ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय का निरीक्षण कर विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली, अभिलेख संधारण और लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने रिकॉर्ड अद्यतन रखने, कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता एवं दक्षता बनाए रखने तथा लंबित मामलों का समयबद्ध निराकरण करने के निर्देश दिए।
शुक्रवार को पुलिस लाइन में पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में छह प्लाटूनों की परेड आयोजित की गई, जिसकी सलामी एडीजी सुहास ने ली। परेड में जवानों ने अनुशासन, समन्वय और दक्षता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिसकी उन्होंने सराहना की।
परेड के बाद मादक पदार्थ तस्करों की धरपकड़ के लिए प्रभावी नाकाबंदी एवं तलाशी अभियान का डेमो प्रस्तुत किया गया। वहीं अज्ञात महिला से दुष्कर्म एवं हत्या जैसे जघन्य अपराध की विवेचना, घटनास्थल संरक्षण, साक्ष्य संकलन और वैज्ञानिक अनुसंधान की कार्यप्रणाली का भी प्रदर्शन किया गया। एडीजी ने इन प्रस्तुतियों को पुलिस की पेशेवर दक्षता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा, भगवत सिंह, जिले के सभी वृत्ताधिकारी, थाना प्रभारी एवं पुलिस विभाग का स्टाफ उपस्थित रहा।