नीमच। अंतरराष्ट्रीय मादक द्रव्य दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी निरोधक दिवस (26 जून) के अवसर पर पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार प्रदेशभर में 17 जून से 26 जून 2026 तक ‘‘नशामुक्त भारत सप्ताह’’ अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में जिला नीमच में पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन में विभिन्न थाना क्षेत्रों में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
अभियान के दूसरे दिन 18 जून को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। थाना नीमच कैंट क्षेत्र के शासकीय विद्यालय क्रमांक-2 में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। वहीं थाना बघाना, रतनगढ़, सिंगोली, कुकड़ेश्वर और रामपुरा क्षेत्रों में भी जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर आम नागरिकों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।
थाना मनासा क्षेत्र में कस्बा मनासा तथा थाना नीमच सिटी क्षेत्र अंतर्गत स्वामी विवेकानंद पीजी कॉलेज नीमच में मानव श्रृंखला बनाकर नशा मुक्ति का संदेश दिया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विद्यार्थियों और आमजन को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रमों में उपस्थित विद्यार्थियों, युवाओं एवं नागरिकों को नशामुक्त जीवन अपनाने तथा समाज में अन्य लोगों को भी नशे के प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई। सभी कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने बताया कि ‘‘नशामुक्त भारत सप्ताह’’ अभियान के तहत जिलेभर में प्रतिदिन जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराकर जागरूक किया जाएगा।