नीमच। आमजन को आधार संबंधी सेवाएं सुगमता से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नीमच डाक संभाग द्वारा डाकघरों के आधार नामांकन एवं अपडेट केंद्रों पर 20 जून को विशेष अभियान आयोजित किया जाएगा।
अभियान के तहत नागरिकों को नवीन आधार पंजीयन, आधार कार्ड में सुधार, बायोमेट्रिक अपडेट तथा आधार से मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी लिंक कराने जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
डाक विभाग द्वारा जानकारी दी गई है कि अभियान के लिए 18 एवं 19 जून को टोकन वितरित किए जाएंगे। 20 जून को सभी आधार सेवा केंद्र प्रातः 8 बजे से शाम 6 बजे तक संचालित रहेंगे।
डाक विभाग मंदसौर-नीमच के अधीक्षकों ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने निकटतम डाकघर स्थित आधार केंद्र पर पहुंचकर इस विशेष सुविधा का लाभ उठाएं।
अभियान के अंतर्गत मंदसौर जिले के मुख्य डाकघर, सिटी डाकघर, सुवासरा मंडी, भानपुरा, गरोठ, शामगढ़, दलौदा, नाहरगढ़, सीतामऊ, बूढ़ा, मल्हारगढ़ एवं पिपलिया उपडाकघरों में आधार सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।
इसी प्रकार नीमच जिले के प्रधान डाकघर नीमच, नीमच बघाना, खोर, जावद, महागढ़, मनासा, रामपुरा सहित विभिन्न डाकघरों में भी यह विशेष अभियान संचालित किया जाएगा।