मनासा। थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम हाड़ी पिपलिया का रहने वाला जानी पिता फूलचंद बाछड़ा उम्र 22 वर्ष एक नाबालिग बालिका को शादी का झांसा देकर भगा कर ले गया था। जिसे पुलिस ने बलात्कार के आरोप में गिरफ्तार किया था। उक्त आरोपी पुलिस कस्टडी से 17 जुलाई की रात 9 बजे लघुशंका के लिए ले जाते समय पुलिस को चकमा देकर भाग गया था।
सोमवार को देर शाम 5 बजे मामले में थाना प्रभारी नीलेश सोलंकी ने बताया कि इन फरार दिनों के दौरान हमारी कस्टडी से भागा हुआ आरोपी खेतों, जंगलों, पेड़ और झाड़ियों में छुपता रहा। रविवार की शाम इस आरोपी को हाड़ी पिपलिया के समीप पैदल घूमते हुए गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया। मामले में अग्रिम कार्यवाही जारी है।