नीमच। शहर सहित जिलेभर में रूक-रूककर बारिश का दौर जारी है। आज मंगलवार को भी आसमान में कुछ-कुछ अंतराल में बादलों की जमावट देखी जा रही है। लेकिन सूरज के तीखे तेवरों की वजह से एक बार फिर लोगों को उमस व तेज गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं मौसम विभाग ने आज एमपी के कई जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है।
सीनियर मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे ने बताया कि वर्तमान में प्रदेश में साइक्लोनिक सर्कुलेशन, ट्रफ लाइन गुजर रही है, लेकिन ये उतनी स्ट्रॉन्ग नहीं हैं। इसी वजह से आगामी दो से तीन दिन तक मौसम खुला रहेगा। अगला सिस्टम एक्टिव होने के बाद ही प्रदेश में फिर से तेज बारिश का दौर शुरू होगा। मप्र में अगले दो से तीन दिन तक बारिश की एक्टिविटी भी कम रहेगी। कुछ जिलों में नमी की वजह से तेज बारिश जरूर हो सकती है। आज मंगलवार को हरदा, बुरहानपुर और देवास में तेज बारिश होने का अनुमान है। बाकी जगहों पर मौसम खुला रहेगा।
मप्र के इन जिलों में होगी भारी और हल्की बारिश-
मौसम विभाग ने एमपी के हरदा, बुरहानपुर, देवास में तेज बारिश होने की संभावना जताई है। जबकि भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन, मंदसौर, रतलाम व नीमच जिले में हल्की बारिश का अनुमान है। इनमें कई जिलों में दिनभर बादलों की जमावट भी रहेगी।