मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अन्तर्गत उज्जैन जिले के 150 तीर्थयात्री गुरूवार को स्पेशल ट्रेन से काशी (वाराणसी) की यात्रा के लिये रवाना हुए। यात्रा की वापसी 13 अगस्त को होगी। तीर्थ यात्रा के दौरान यात्रियों के लिए खाना पीना सब फ्री होगा। इस अवसर पर महापौर मुकेश टटवाल ने सभी यात्रियों का हार पहनाकर अभिनन्दन किया।
तीर्थ दर्शन योजना के तहत उज्जैन जिले के 150 यात्रियों का चयन लॉटरी द्वारा किया गया था। काशी जाने वाले यात्रियों को तथा यात्रा की व्यवस्था में लगे अधिकारी-कर्मचारियों को प्रात: 7.30 बजे माधव नगर रेलवे स्टेशन पर बुलाया गया था। जहां पर यात्रियों की पहचान फोटोयुक्त आईडी एवं एसएसएसएम आईडी की जानकारी सहित कर्मचारियों द्वारा टिकट वितरण की कार्यवाही की गई। जनप्रतिनिधियों द्वारा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों का स्वागत किया गया।
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के नोडल अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि यात्रा के लिये नगरीय निकाय से 506 एवं ग्रामीण निकाय से 314 व्यक्तियों द्वारा आवेदन किये थे। दर्ज आवेदनों में से लॉटरी से नगरीय निकाय से 102 एवं ग्रामीण निकाय से 48 इस प्रकार कुल 150 व्यक्तियों की चयन सूची और जिले के 15 व्यक्तियों की प्रतीक्षा सूची तैयार की गई।उन्हले में यात्रा से पहले अग्रिम बधाई दी-
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना अंतर्गत उन्हेल नगर से 35 यात्री तथा तीन प्रतिक्षारत यात्री का चयन हुआ। नगर परिषद अध्यक्ष शांतिलाल धाकड़ द्वारा सभी यात्रियों का पुष्प माला से स्वागत कर यात्रा मंगलमय हो की अग्रिम बधाई एवं शुभकामना दी गई।