छतरपुर/राजनगर। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के मार्गदर्शन में राजनगर विकासखंड के विक्रमपुर सेक्टर में कार्यरत नवांकुर संस्था रिसर्च इंडिया लोक कल्याण सोसायटी द्वारा ग्राम पंचायत बम्होरी बहादुरजू के नबादा में नवांकुर सखियों का सम्मेलन उत्साह और देशभक्ति के माहौल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राजनगर विधायक अरविंद पटेरिया ने भारत माता के पूजन के साथ किया।
कार्यक्रम छतरपुर कलेक्टर मृणाल मीणा के निर्देशन, मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक डॉ. राजेश तिवारी के मार्गदर्शन तथा ब्लॉक समन्वयक मनीष शर्मा की उपस्थिति में आयोजित हुआ। इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष कमलेश पटेल, सरपंच अलखु पटेल सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे। अतिथियों का स्वागत रिसर्च इंडिया लोक कल्याण सोसायटी के प्रतिनिधि भरत यादव ने फूलमाला पहनाकर किया।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत बांटे पौधे
सम्मेलन के दौरान पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राजनगर विधायक अरविंद पटेरिया, ब्लॉक समन्वयक मनीष शर्मा एवं अन्य अतिथियों ने नवांकुर सखियों को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधों का वितरण किया।
विधायक अरविंद पटेरिया ने पेड़ों और स्वच्छ पर्यावरण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की गतिविधियों की भी सराहना की।
पौधे जीवित रखने पर मिलेंगे पांच पौधे
ब्लॉक समन्वयक मनीष शर्मा ने जन अभियान परिषद की गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि प्रत्येक नवांकुर सखी एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे। उन्होंने बताया कि जिनके लगाए पौधे जीवित रहेंगे, उन्हें आगे पांच पौधे दिए जाएंगे।
उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित नवांकुर सखियों एवं ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प दिलाया।
तिरंगा यात्रा में गूंजे देशभक्ति के जयकारे
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने तिरंगा यात्रा निकाली। रैली के दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। हरियाली और राष्ट्रभक्ति के संदेश के साथ निकली यात्रा में ग्रामीणों और नवांकुर सखियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के अंत में नवांकुर संस्था के प्रतिनिधि भरत यादव ने सभी अतिथियों, मातृशक्ति एवं ग्रामवासियों का आभार व्यक्त किया।