नीमच। 165 फीट लंबे तिरंगे को हाथों में थामे विद्यार्थियों का कारवां जब शहर की सड़कों पर निकला तो पूरा नीमच राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया। ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा राष्ट्रपथ तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने सहभागिता कर देशप्रेम और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।
यात्रा शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 से प्रारंभ हुई। विशाल तिरंगे के साथ विद्यार्थियों ने कमल चौक, घंटाघर और पुस्तक बाजार होते हुए भारत माता फोर जीरो चौराहा तक कदमताल की। इस दौरान ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों से शहर का वातावरण देशभक्तिमय हो गया।
सामूहिक रूप से गाया राष्ट्रगीत-
भारत माता फोर जीरो चौराहे पर पहुंचने के बाद विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया। विशाल तिरंगे के साथ निकली यात्रा शहरवासियों के लिए भी आकर्षण का केंद्र रही।
यात्रा में शामिल विद्यार्थियों ने संदेश दिया कि राष्ट्रभक्ति केवल शब्दों तक सीमित नहीं है, बल्कि नई पीढ़ी की चेतना, संस्कार और कर्मों में भी जीवंत है। यात्रा के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह और देशप्रेम का जज्बा नजर आया।