प्रतापगढ़। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जहां पूरा देश आजादी का जश्न मना रहा है, वहीं शहर के समाजसेवी संजय राठौर ने स्वच्छता को लेकर अनूठी पहल कर समाज के सामने मिसाल पेश की। उन्होंने अपने निजी खर्च एवं सहयोगियों की मदद से शहर के प्रमुख बाजारों, पार्कों, स्कूलों, अस्पतालों और बस स्टैंड सहित सार्वजनिक स्थानों पर 50 से अधिक कचरा पात्र लगवाए।
सभी कचरा पात्रों को तिरंगे के रंगों में सजाया गया है। इन पर ‘स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत’ का संदेश भी अंकित किया गया है। पहल का उद्देश्य लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने और कचरे को निर्धारित स्थान पर डालने के लिए प्रेरित करना है।
‘सफाई रखना ही सच्ची देशभक्ति’-
इस अवसर पर समाजसेवी संजय राठौर ने कहा कि 15 अगस्त केवल झंडा फहराने का दिन नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का अवसर भी है। यदि हम अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें तो यह भी सच्ची देशभक्ति होगी। उन्होंने कहा कि उनका सपना है कि शहर स्वच्छता के मामले में एक मिसाल बने।
लोगों ने किया पहल का स्वागत-
स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने समाजसेवी की इस पहल का स्वागत किया। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर कचरा पात्र उपलब्ध होने से लोगों को कचरा इधर-उधर फेंकने के बजाय निर्धारित स्थान पर डालने के लिए प्रेरणा मिलेगी और शहर में गंदगी कम करने में मदद मिलेगी।
नगर निगम कर्मचारियों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जब समाज के लोग स्वच्छता अभियान में स्वयं आगे आकर सहयोग करते हैं तो इससे स्वच्छता व्यवस्था को मजबूती मिलती है।
संजय राठौर की यह पहल न केवल स्वच्छता का संदेश दे रही है, बल्कि युवाओं को भी प्रेरित कर रही है कि एक छोटा प्रयास भी बड़े सकारात्मक बदलाव की शुरुआत बन सकता है।