चीताखेड़ा। परमवीर चक्र और अशोक चक्र से सम्मानित शहीदों को समर्पित रक्तदान अभियान में नीमच जिले के 32 स्थानों पर 32 शहीदों की याद में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इसी के तहत चीताखेड़ा केंद्र पर 6 पंचायतों को मिलाकर शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का शुभारंभ नीमच एसडीएम ममता खेड़े, जनपद पंचायत नीमच के मुख्य कार्यपालन अधिकारी राजेन्द्र पालनपुरे और नायब तहसीलदार जागृति जाट ने किया। शिविर में युवाओं ने बढ-चढ़कर भाग लिया और 125 यूनिट रक्तदान प्राप्त हुआ। रक्तदान संग्रह का कार्य रेडक्रॉस नीमच द्वारा संपादित हुआ। इस दौरान चीताखेड़ा स्वास्थ्य केंद्र के सदस्य भी उपस्थित रहे।
शिविर में पंचायतों के सरपंच, उप सरपंच, पंच, ग्राम पंचायतों के सचिव, सहायक सचिव, पटवारी, आशा-उषा कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, कोटवार सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे।