मनासा। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को नगर सहित आसपास के अंचल में विभिन्न स्थानों पर योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। योगाभ्यास के साथ प्रतिभागियों को अंकुरित अनाज वितरित कर पौष्टिक आहार अपनाने का संदेश भी दिया गया।
स्थानीय कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक, अनुविभागीय अधिकारी किरण आंजना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक एवं सांदीपनि विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सामूहिक योगाभ्यास किया। कार्यक्रम के समापन पर गायत्री शक्तिपीठ मनासा द्वारा सभी प्रतिभागियों को अंकुरित अनाज वितरित किया गया।
वहीं मंदसौर रोड स्थित रामतलाई पर प्रतिदिन मॉर्निंग वॉक करने वाले नागरिकों द्वारा भी योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुषों ने भाग लिया। पतंजलि योगपीठ हरिद्वार से प्रशिक्षित योग शिक्षिका दिव्यांशी दुआ के मार्गदर्शन में योगासन एवं प्राणायाम कराया गया।
इस अवसर पर दिव्यांशी दुआ ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ष्करोगे योग, रहोगे निरोगष्। उन्होंने सभी से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर नियमित अभ्यास करने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को अंकुरित अनाज, केला एवं छाछ का वितरण किया गया। योग दिवस के आयोजनों ने स्वास्थ्य, फिटनेस एवं संतुलित जीवनशैली का संदेश दिया।