छतरपुर। थाना क्षेत्र के ग्राम लिधौरा में हुई मारपीट की घटना को लेकर ओबीसी महासभा, लोधी समाज और ग्रामीणों ने भगवां थाने का घेराव कर पुलिस को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने मामले में सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को बताया कि घटना के संबंध में एफआईआर दर्ज कर ली गई है तथा दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामले में अतिरिक्त धाराएं भी जोड़ी गई हैं। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि सभी फरार आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान पुलिस ने पीड़ित परिवार को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए किसी भी आपात स्थिति में तत्काल डायल-112 पर संपर्क करने की सलाह दी। आश्वासन के बाद प्रदर्शन शांतिपूर्वक समाप्त हो गया।