नीमच। महू रोड स्थित मरी माता मंदिर में पुरबिया जैसवार समाज का पारंपरिक वार्षिक उत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत माता मरी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं भजन-कीर्तन के साथ हुई। समाजजनों ने देश में सुख-समृद्धि, शांति, सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे तथा अच्छी वर्षा की कामना की।
समाज अध्यक्ष ओमप्रकाश जैसवार एवं रमेशचंद्र जैसवार ने बताया कि यह आयोजन समाज की कई पीढ़ियों से निरंतर आयोजित होता आ रहा है। इसका उद्देश्य समाज की सांस्कृतिक परंपराओं को संरक्षित रखना तथा सामाजिक एकता और भाईचारे को मजबूत करना है।
इस अवसर पर नीमच सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजनों, युवाओं एवं मातृशक्ति की उल्लेखनीय सहभागिता रही।
पूरा आयोजन श्रद्धा, सामाजिक सद्भाव और सामूहिक सहभागिता का प्रेरक उदाहरण बनकर संपन्न हुआ।