खरगोन। नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (नीट) का री-एग्जामिनेशन रविवार को जिले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5ः15 बजे तक आयोजित की गई। परीक्षार्थियों को सुबह 11 बजे से दोपहर 1ः30 बजे तक ही परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया गया।
जिले में परीक्षा के लिए कुल 9 केंद्र बनाए गए थे, जहां 2522 परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई थी। सभी परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल तैनात रहा और अभ्यर्थियों की सघन जांच की गई। जांच के दौरान निर्धारित नियमों के तहत छात्राओं के हेयर बैंड सहित अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं भी उतरवाई गईं।
गौरतलब है कि पेपर लीक विवाद के बाद यह री-एग्जाम आयोजित किया गया। परीक्षा समाप्त होने के बाद बाहर निकले परीक्षार्थियों की प्रतिक्रियाएं अलग-अलग रहीं। छात्रा अविका यादव, देवजीत अरसे और अंशुमन यादव ने बताया कि पहले की तुलना में इस बार का प्रश्नपत्र अपेक्षाकृत आसान था।
वहीं, परीक्षार्थी देविका कुशवाह ने अलग राय व्यक्त करते हुए कहा कि पहली परीक्षा में अच्छे अंक आने की उम्मीद थी, लेकिन री-एग्जाम में फिजिक्स और केमिस्ट्री के प्रश्न अधिक कठिन थे, जिससे परिणाम प्रभावित होने की आशंका है।