रतलाम। उज्जैन महाकाल लोक के बाद अब रतलाम में कालिका माता मंदिर को कालिका माता लोक बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। कालिका माता लोक बनाने की कार्य योजना बन गई है। योजना को लेकर कैबिनेट मंत्री और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप ने रतलाम में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की है।
बैठक में मंत्री काश्यप ने महापौर प्रहलाद पटेल और कलेक्टर मिशा सिंह से कालिका माता मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण की कार्ययोजना के संबंध में चर्चा की। बैठक के दौरान इंजीनियरों ने कार्ययोजना प्रस्तुत की। बताया कि कालिका माता मंदिर परिसर का नया रुप महाकाल लोक की तरह सुंदर दिखाई देगा। कालिका मा्ता लोक के प्रस्तावित डिजाइन भी तैयार की है। प्रस्तावित नक्शे के अनुसार झाली तालाब परिसर अष्ट कोणिय रुप में विकसित किया जाएगा। इसके अष्ट कोण के प्रत्येक कोण पर माताजी की मूर्ति के स्वरुपों की आकर्षक झांकी दिखाई देगी। इसमें मां दुर्गा के नौ रुपों शैलपुत्री, ब्रह्मचारिणी, चंद्रघंटा, कूष्मांडा, स्कंदमाता, कात्यायनी, कालरात्रि, महागौरी, सिद्धिदात्री का दर्शन कर सकेंगे।
इन पर भी हुई चर्चा
बैठक के दौरान कालिका माता मंदिर का विस्तृत स्वरुप, झाली तालाब का स्वरुप, बगीचा, भोजन का स्टाल, पार्किंग झोन, टायलेट ब्लॉक, छायादार मार्ग आदि को लेकर चर्चा कर कार्ययोजना बनाई गई।