नीमच। सीताराम जाजू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय नीमच में आज हर घर तिरंगा अभियान अंतर्गत छात्राओं को निःशुल्क तिरंगा वितरित किया गया तथा तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। तिरंगा रैली में महाविद्यालय की छात्राओं और महाविद्यालयीन स्टॉफ सदस्यों ने जोश के साथ सहभागिता की।
आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम अंतर्गत दिनांक 13 अगस्त से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान का आयोजन प्राचार्य डॉ एनके डबकरा के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। इस अभियान अंतर्गत दिनांक 12 अगस्त को निःशुल्क झण्डा वितरण कार्य का शुभारम्भ महाविद्यालय की जनभागीदारी समिति सदस्यों को झण्डा प्रदान करके किया गया। इसी क्रम में 14 अगस्त को महाविद्यालय में नीमच के विधायक दिलीपसिंह परिहार के मुख्य आतिथ्य और जनभागीदारी समिति अध्यक्ष विजय बाफना, संतोष चौपड़ा, निलेश पाटीदार, लोकेश चांगल, अनिल गोयल की उपस्थिति में समस्त छात्राओं को निःशुल्क झण्डे वितरित किए गए। साथ ध्वज संहिता के संबंध में छात्राओं को जानकारी दी गई। झण्डा वितरण के पश्चात दिलीपसिंह परिहार एवं सभी मंचासीन अतिथियों एवं महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ एनके डबकरा ने झण्डा रैली का शुभारंभ तिरंगा दिखाकर किया। हर घर तिरंगा रैली में बडी संख्या में उपस्थित छात्राओं और महाविद्यालय के स्टाफ ने देश के सम्मान में जोशीले नारों के साथ सहभागिता की।