नीमच। शहर में गंदे और दूषित पेयजल की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा ने जलकल विभाग और संबंधित ठेका कंपनियों की बैठक लेकर सख्त नाराजगी जताई। उन्होंने साफ निर्देश दिए कि यदि पेयजल व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं हुआ और लापरवाही सामने आई तो संबंधित कंपनी का ठेका निरस्त कर कार्रवाई की जाएगी।
नगर पालिका कार्यालय में आयोजित बैठक में मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया, जलकल सभापति छाया जायसवाल, फिल्टर मीडिया बदलने वाली नागपुर की कंपनी के अधिकारी, पेयजल वितरण कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर आकाश गुप्ता सहित जलकल विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में अध्यक्ष चोपड़ा ने फिल्टर मीडिया बदलने का कार्य 15 दिनों में पूरा करने और तीन दिनों के भीतर पेयजल वितरण व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। साथ ही शहर में तय समय पर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए संबंधित ठेकेदार को कड़ी हिदायत दी।
उन्होंने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को निर्देशित किया कि यदि व्यवस्था में सुधार नहीं होता है और कंपनी की लापरवाही जारी रहती है तो ठेका निरस्त करने संबंधी नोटिस जारी कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।
बैठक में स्वाति चोपड़ा ने कहा कि पेयजल वितरण का कार्य भले ही ठेकेदार के अधीन हो, लेकिन शिकायतों का समय पर समाधान नहीं होने से नगर पालिका के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को जनता के आक्रोश का सामना करना पड़ता है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पेयजल संबंधी शिकायतों का समय पर निराकरण नहीं हुआ तो कंपनी को भुगतान भी नहीं किया जाएगा।
जलकल सभापति छाया जायसवाल ने भी पेयजल वितरण में लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि ठेकेदार समय पर शुद्ध पेयजल उपलब्ध नहीं करा सकता तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया ने केमिस्ट सुरेश पवार को नियमित रूप से पानी की गुणवत्ता की जांच करने और शिकायत मिलते ही तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पेयजल वितरण में लगे कर्मचारियों को भी किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी।
बैठक में जलकल विभाग प्रभारी इंजीनियर अनु सोलंकी, नाथूलाल नागर, पेयजल वितरण कंपनी के ठेकेदार तथा विभागीय कर्मचारी भी उपस्थित रहे।