नीमच। शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर पालिका परिषद नीमच की मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया सोमवार को मैदान में उतरीं। उन्होंने वार्ड क्रमांक 16 के मूलचंद मार्ग, खारी कुआं सहित वार्ड 12 के जवाहर नगर, गायत्री मंदिर मार्ग, महिला बस्ती गृह, वीर पार्क रोड, लायंस पार्क और ज्ञान मंदिर टंकी क्षेत्र का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जहां भी गंदगी मिली, वहां संबंधित दरोगा को तत्काल सफाई कराने और कचरे के ढेर समय पर हटाने के निर्देश दिए गए। सीएमओ ने सफाई कर्मचारियों के हाजिरी रजिस्टर भी जांचे और लगातार अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सूचना पत्र जारी कर कार्रवाई करने के निर्देश स्वास्थ्य अधिकारी को दिए।
मोहर्रम पर्व को देखते हुए बामनिया ने मूलचंद मार्ग स्थित निर्माणाधीन नाले का निरीक्षण कर कार्य शीघ्र पूरा करने और आसपास पर्याप्त सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सफाई कर्मचारियों को ड्रेस कोड में कार्यस्थल पर उपस्थित रहने की हिदायत भी दी।
लायंस चौराहे और ज्ञान मंदिर टंकी क्षेत्र में ठेले और गुमटी संचालकों द्वारा सड़क तक कुर्सियां लगाने और गंदगी फैलाने पर सीएमओ ने नाराजगी जताई। उन्होंने मौके पर सड़क तक रखी कुर्सियां हटवाईं और संबंधित स्वच्छता निरीक्षक व पर्यवेक्षक को गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
सीएमओ ने ठेला-गुमटी संचालकों को अपने प्रतिष्ठानों पर डस्टबिन रखने, ग्राहकों को भी उसी में कचरा डालने के लिए प्रेरित करने तथा दुकान बंद करते समय कचरा सड़क या नालियों में फेंकने के बजाय कचरा वाहन में ही डालने की समझाइश दी।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य अधिकारी दिनेश टांक, स्वच्छता निरीक्षक भारत सिंह भारद्वाज, अविनाश घेघट, गोपाल नरवाले तथा गैंग प्रभारी दीपक गौहर सहित नगर पालिका का अमला मौजूद रहा।