नीमच। भारत विकास परिषद मुख्य शाखा, नीमच एवं आईएमए नीमच के संयुक्त तत्वावधान में सीएसवी अग्रोहा भवन में स्वास्थ्य जागरूकता परिचर्चा आयोजित की गई। कार्यक्रम में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने कैंसर, उच्च रक्तचाप, मधुमेह एवं हृदय रोगों के लक्षण, बचाव और समय पर जांच के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी।
परिचर्चा में डॉ. मनीषा चमड़िया ने महिलाओं को स्तन एवं सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूक करते हुए नियमित स्क्रीनिंग, एचपीवी टीकाकरण एवं समय पर जांच कराने की आवश्यकता बताई। वहीं डॉ. अशोक जैन ने उच्च रक्तचाप, मधुमेह और हृदय रोगों से बचाव के लिए संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, तनाव नियंत्रण एवं समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने पर जोर दिया।
डॉ. विपुल गर्ग ने सीपीआर तकनीक का व्यावहारिक प्रदर्शन कर आपातकालीन स्थिति में इसके महत्व की जानकारी दी। चिकित्सकों ने कहा कि जागरूकता, समय पर जांच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर गंभीर बीमारियों से काफी हद तक बचा जा सकता है।
कार्यक्रम में डॉ. मनीष चमड़िया, डॉ. आदित्य भंडारी, पुरुषोत्तम गुप्ता, सुनील सिंघल एवं मनीष भंडारी मंचासीन रहे। संचालन मनोज माहेश्वरी ने किया। कार्यक्रम में परिषद परिवार के सदस्य एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।