नीमच। जिले में 15 अगस्त 2023 को स्वतंत्रता दिवस समारोह परम्परांगत गरिमा उमंग और हर्षाेउल्लास के साथ मनाया जाएगा। मुख्य समारोह जिला मुख्यालय नीमच के शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रंमाक-2 पर आयोजित होगा। जहां प्रातः 9 बजे प्रदेश के सूक्ष्म लघु मध्यम उद्यम और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा ध्वजारोहण कर भव्य परेड की सलामी लेंगे। जिले में स्वतंत्रता दिवस समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के सभी शासकीय कार्यालयों और शैक्षणिक संस्थाओं में प्रातः 8 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। मुख्य समारोह में प्रदेश के सूक्ष्म लघु मध्यम उद्यम और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा प्रातः 9 बजे ध्वजारोहण कर आयोजित भव्य परेड की सलामी लेंगे तथा प्रदेश की जनता के नाम मुख्यमंत्री के स्वतंत्रता दिवस संदेश का वाचन करेंगे। परेड में केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल नीमच, सशस्त्र पुलिस बल, जिला पुलिस बल के जवानों, वन विभाग, शौर्या दल एनसीसी, स्काउट गाईड दल, रेडक्रास दल एवं सीआरपीएफ बैण्ड की टुकडी भी शामिल होगी।
स्वतंत्रता दिवस पर सामूहिक पीटी प्रदर्शन एवं विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं व्दारा रंगारंग देशभक्तिपूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी जावेगी। समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय सेवकों, खिलाडियों प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित भी किया जावेगा।