मंदसौर। मॉर्निंग वॉक निकले एक स्कूल टीचर को पीछे से आ रही एक पिकअप ने कुचल दिया। हादसे में टीचर गंभीर रूप से घायल हो गया। जिनका उपचार शहर के निजी अस्पताल में किया जा रहा है। वर्तमान में शिक्षक सीतामऊ में पदस्थ है। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सीसीटीवी वीडियो फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे वाहन सहित गिरफ्तार कर लिया। बता दें कि यह मामला बुधवार सुबह का है, लेकिन इसका सीसीटीवी वीडियो गुरुवार सुबह सामने आया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले 40 वर्षीय रणछोड़ पिता मांगीलाल निनामा निवासी जमीदार कॉलोनी रामटेकरी मंदसौर को कॉलेज रोड़ के निकट पीछे से ओवरटेक करती आई तेज रफ्तार पिकअप में टक्कर मार दी। घटना के बाद भी पिकअप चालक ने वाहन तक नहीं रोका और फरार हो गया। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने वायडी नगर पुलिस को सूचना दी और गंभीर घायल शिक्षक को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां से डॉक्टरों ने घायल शिक्षक को रेफर कर दिया।
परिजन उन्हें स्थानीय निजी अस्पताल अस्पताल लेकर गए जहां उनका उपचार किया जा रहा है। उधर, हादसे की सूचना के बाद पुलिस दो टीमें गठित कर आरोपी वाहन चालक की तलाशी में लगाया गया। पुलिस ने कंट्रोल रूम में लगे कैमरे, कलेक्टर ऑफिस, ट्रांसपोर्ट नगर एवं शहर के प्रमुख चौराहों पर लगे कैमरा की जांच की गई। इसमें एक्सीडेंट कर फरार हुआ पिकअप वाहन ट्रेस हुआ। इसके बाद पुलिस ने पिकअप वाहन क्रमांक एमपी 43 जी 4495 को बरामद कर वाहन चालक विजय पिता नागूलाल धोबी उम्र 23 वर्ष निवासी नन्दावता जिला मंदसौर को गिरफ्तार कर लिया है।