गंधावड़। श्रावण माह के पावन अवसर पर धर्म और आस्था का अनूठा नजारा देखने को मिला। नवयुवक मित्र मंडल गंधावड़ के शिवभक्त शनिवार, 15 अगस्त 2026 को भगवान ओंकारेश्वर के दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए 115 किलोमीटर की पैदल कांवड़ यात्रा पर रवाना हुए।
यात्रा से पूर्व शिवभक्तों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर कांवड़ उठाई। इसके बाद “हर हर महादेव” और “जय श्री ओंकारेश्वर” के जयकारों के साथ यात्रा का शुभारंभ हुआ। यात्रा को लेकर युवाओं में खासा उत्साह नजर आया।
मंडल के विकास पाटीदार ने बताया कि यह तीन दिवसीय पैदल यात्रा है। शिवभक्त करीब 115 किलोमीटर का सफर तय कर श्री ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग पहुंचेंगे और बाबा ओंकारेश्वर को जल अर्पित करेंगे।
गांववासियों ने पुष्पवर्षा कर किया कांवड़ियों का स्वागत-
कांवड़ यात्रा में विकास पाटीदार, राजेश पाटीदार, गौतम पाटीदार, गोलू पाटीदार, शुभम पाटीदार, हिमांशु पाटीदार, सावन पाटीदार, आशीष पाटीदार, आदित्य कर्मा, दीपक पाटीदार एवं विजय सोलंकी सहित अन्य शिवभक्त शामिल हैं।
कांवड़ यात्रा के रवाना होने पर गांववासियों ने कांवड़ियों का फूल-मालाओं एवं पुष्पवर्षा से स्वागत कर उन्हें यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं। शिवभक्त पूरे मार्ग में भजन-कीर्तन करते हुए और भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे हैं। श्रद्धा, भक्ति और उत्साह से भरी यह कांवड़ यात्रा क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।