नीमच। स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने और युवाओं के बदलते सामाजिक परिवेश की अनदेखी तस्वीर सामने लाने वाली शॉर्ट फिल्म ‘द लास्ट क्लिक- एक अनदेखा सच’ का ट्रेलर शनिवार को लायन डेन में लॉन्च किया गया। करीब 40 मिनट की यह फिल्म नशे, सट्टे और अपराध की ओर बढ़ते युवा वर्ग की कहानी को सस्पेंस एवं सामाजिक संदेश के साथ प्रस्तुत करती है। फिल्म 28 अगस्त, रक्षाबंधन के अवसर पर यूट्यूब पर रिलीज की जाएगी।
फिल्म के निर्देशक एवं निर्माता हेमंत शर्मा ने बताया कि फिल्म की शूटिंग महज चार दिनों में पूरी की गई, जबकि इसे पूरी तरह तैयार करने में करीब सवा महीने का समय लगा। फिल्म की खासियत यह है कि इसके कलाकारों एवं तकनीकी टीम का जुड़ाव नीमच जिले से है। स्थानीय प्रतिभाओं को अवसर देकर तैयार की गई यह फिल्म क्षेत्र की रचनात्मक क्षमता को भी सामने लाती है।
युवाओं को सही दिशा चुनने का संदेश-
ट्रेलर लॉन्च के दौरान हेमंत शर्मा ने कहा कि पिछले दस वर्षों में युवा पीढ़ी के जीवन में व्यापक बदलाव आया है। युवाओं के सामने आगे बढ़ने के अनेक अवसर हैं, लेकिन दूसरी ओर उनका एक वर्ग नशे, सट्टे और अपराध के जाल में भी फंस रहा है। ‘द लास्ट क्लिक’ इसी अनदेखे सच को मनोरंजन और सस्पेंस के माध्यम से सामने लाते हुए युवाओं को सोचने और सही दिशा चुनने का संदेश देती है।
उन्होंने बताया कि फिल्म की एक विशेषता यह भी है कि इसे परिवार के साथ बैठकर देखा जा सकता है। गंभीर सामाजिक विषय को बिना किसी भटकाव के सहज एवं प्रभावी ढंग से दर्शकों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
निर्देशक शर्मा ने फिल्म के निर्माण में पूरी टीम के सामूहिक परिश्रम, समर्पण एवं सहयोग को इसकी सफलता का आधार बताया। स्थानीय कलाकारों एवं तकनीकी टीम की मेहनत से तैयार यह फिल्म युवाओं और समाज के सामने एक महत्वपूर्ण सामाजिक संदेश रखने का प्रयास है।
कार्यक्रम का संचालन प्रोफेसर पंकज श्रीवास्तव ने किया। ट्रेलर लॉन्च के दौरान फिल्म से जुड़े कलाकार, टीम के सदस्य एवं स्थानीय दर्शक उपस्थित रहे।