नीमच। स्वतंत्रता दिवस पर जहां शहर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया, वहीं बोहरा कॉलोनी में फातेमी फाउंडेशन ने देशप्रेम को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए सराहनीय पहल की। फाउंडेशन की ओर से पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित कर फलदार एवं छायादार पौधे रोपे गए। कार्यक्रम का आयोजन बोहरा समाज के धर्मगुरु डॉ. सैय्यदना मुफद्दल सैफुद्दीन त.उ.श. की दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना के साथ किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दाऊदी बोहरा समाज नीमच के जनाब आमिल साहब ने पौधारोपण करते हुए कहा कि फलदार एवं छायादार पौधे केवल वर्तमान की जरूरतें पूरी नहीं करते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को फल, छांव और स्वच्छ वातावरण प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल एवं संरक्षण करना भी जरूरी है।
पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश-
कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने कहा कि अधिक से अधिक पेड़ लगाने से वायु गुणवत्ता में सुधार, तापमान नियंत्रण, मिट्टी की उर्वरता एवं प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में मदद मिलती है। ऐसे में पौधारोपण जैसी पहल सामाजिक एवं पर्यावरणीय जिम्मेदारी निभाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम में फाउंडेशन के संरक्षक प्रो. इकबाल भाई बोहरा, अध्यक्ष आरिफ जमील, सचिव हुसैनी डेरकी, मुस्तफा चोपड़ा, सज्जाद हैदर, शब्बीर हड्डीवाला, अली अकबर गार्ड, गुलजार हुसैन, इरशान जमील, हुसैन आरविवाला सहित फाउंडेशन के सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में फाउंडेशन के कोषाध्यक्ष अली असगर गौहर ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।
स्वतंत्रता दिवस पर फातेमी फाउंडेशन की यह पहल केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं रही, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए हरियाली, स्वच्छ हवा और स्वस्थ पर्यावरण की विरासत तैयार करने का संदेश भी दे गई।