चित्तौड़गढ़। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के निंबाहेड़ा सेवा केंद्र पर 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षाेल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सेवा केंद्र पर ध्वजारोहण किया गया। सेवा केंद्र प्रभारी बीके शिवली दीदी सहित सभी भाई-बहनों ने पूरे उमंग और उत्साह के साथ तिरंगा फहराया।
बीके शिवली दीदी ने कहा कि देश को आजाद कराने के लिए हमारे वीर शहीदों ने अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। आज आवश्यकता है कि हम बाहरी स्वतंत्रता के साथ अपने मन को भी विभिन्न प्रकार की गुलामी और नकारात्मक बंधनों से मुक्त करें। उन्होंने कहा कि सच्ची स्वतंत्रता तभी होगी, जब व्यक्ति अपने भीतर की परतंत्रता को समाप्त कर आत्मिक रूप से स्वतंत्र जीवन जी सके।
कार्यक्रम के दौरान सेवा केंद्र के भाई-बहनों द्वारा देशभक्ति एवं आध्यात्मिक भावनाओं से ओतप्रोत सुंदर प्रस्तुतियां दी गईं। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने देश के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने और जीवन में सकारात्मकता अपनाने का संकल्प लिया।
अंत में सभी उपस्थित भाई-बहनों को प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।