मंदसौर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मंदसौर में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह के मुख्य अतिथि एवं उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ग्राम धमनार स्थित शासकीय मिडिल स्कूल पहुंचे। यहां उन्होंने स्कूली बच्चों के साथ विशेष मध्यान्ह भोजन में सहभागिता की। इस दौरान जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने भी बच्चों के साथ भोजन किया।
कार्यक्रम में सांसद सुधीर गुप्ता, राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर, जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा विजय पाटीदार, जिला योजना समिति सदस्य राजेश दीक्षित, जिला पंचायत उपाध्यक्ष मनुप्रिया विनीत यादव, जनपद पंचायत अध्यक्ष बसंत शर्मा, कलेक्टर दिव्यांक सिंह, अपर कलेक्टर एकता जायसवाल, सीईओ जिला पंचायत अनुकूल जैन, एसडीएम शुभम पाटीदार, तहसीलदार प्रेमशंकर पटेल, राजेश धाकड़, रामेश्वर पटेल सहित ग्रामीणजन, स्कूल स्टाफ एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
बच्चों को खूब पढ़ने और आगे बढ़ने का दिया संदेश-
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों को नमन किया। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए जिन वीरों ने अपने प्राणों का बलिदान दिया, उनके त्याग को कभी भुलाया नहीं जा सकता। हमें सदैव उनके बलिदान का स्मरण रखना चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि बच्चे मन लगाकर पढ़ाई करें और जीवन में आगे बढ़ें। स्कूली विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसी प्रस्तुतियां मन में राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत करती हैं।
जैविक खेती की ओर बढ़ने का किया आह्वान-
सांसद सुधीर गुप्ता ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की आजादी हजारों लोगों के बलिदान का परिणाम है। हमें स्वतंत्रता के महत्व को समझना चाहिए। उन्होंने किसानों से रासायनिक खेती के बढ़ते प्रभाव को कम करने और धीरे-धीरे जैविक खेती की ओर बढ़ने का आह्वान किया।
राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर ने भी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानियों को याद किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति की ओर बढ़ रहा है। इस दौरान जिला योजना समिति सदस्य राजेश दीक्षित ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने देशभक्ति पर आधारित आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों को अतिथियों ने सराहा और उनका उत्साहवर्धन किया। बच्चों के साथ जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के मध्यान्ह भोजन में शामिल होने से कार्यक्रम का माहौल आत्मीय एवं उत्साहपूर्ण नजर आया।