ऊन। श्रावण मास के पावन अवसर पर अखिल भारतीय दशोरा नागर समाज नवचेतना संगठन एवं ऊन मंडल के संयुक्त तत्वावधान में भगवान श्री हाटकेश्वर महादेव के निःशुल्क अभिषेक एवं पूजन का आयोजन निरंतर किया जा रहा है। आयोजन में समाजजन एवं श्रद्धालु बड़ी संख्या में सहभागिता कर भगवान शिव का पूजन-अर्चन कर रहे हैं।
शुक्रवार को हरिओम पिता दिलीप मंडलोई परिवार सहित मुख्य यजमान बने और विधि-विधान के साथ भगवान श्री हाटकेश्वर महादेव का अभिषेक एवं पूजन किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान से सुख-समृद्धि एवं क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।
श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था-
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। ऊन के पत्रकार दिलीप गुप्ता द्वारा श्री हाटकेश्वर मंदिर के समीप चाय की व्यवस्था की गई है। वहीं हरिओम पिता दिलीप मंडलोई के निवास स्थान, बाजार चौक कन्या शाला के पास, पूजन में शामिल यजमानों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई।
पूरे श्रावण माह चलेगा आयोजन-
समाज के पदाधिकारी दीपक दशोरे, खंडवा ने बताया कि यह आयोजन प्रतिवर्ष श्रावण मास में किया जाता है। इसका उद्देश्य समाजजनों एवं श्रद्धालुओं को भगवान हाटकेश्वर महादेव की आराधना का अवसर उपलब्ध कराना है। प्रतिदिन सुबह एवं शाम भगवान का आकर्षक श्रृंगार किया जाता है।
आयोजन के तहत प्रतिदिन अलग-अलग यजमानों एवं नगर महिला मंडल द्वारा बाबा का अभिषेक-पूजन किया जा रहा है। इसमें बड़ी संख्या में महिलाएं एवं श्रद्धालु शामिल होकर धार्मिक आयोजन का लाभ ले रहे हैं।