नीमच। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शुभ प्रभात योग मित्र मंडल के तत्वावधान में शनिवार सुबह गांधी वाटिका स्थित योग मैदान पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। योगाभ्यास के बाद मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र वधवा एवं टोनी वधवा ने सुबह 7.15 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उपस्थित योग साधकों ने राष्ट्रध्वज को सलामी देकर देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
ध्वजारोहण के बाद विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम में रानू जैन ने भारत माता का रूप धारण कर देशभक्ति की भावना को अभिव्यक्त किया।
इस अवसर पर स्वतंत्रता दिवस के महत्व और राष्ट्र के प्रति नागरिकों की जिम्मेदारियों पर भी प्रकाश डाला गया। योगाभ्यास, राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के संगम ने गांधी वाटिका योग मैदान को देशप्रेम के रंग में रंग दिया। कार्यक्रम का संचालन माधुरी चौरसिया ने किया।