नीमच। ज्ञानोदय इंटरनेशनल स्कूल में स्वतंत्रता दिवस का पर्व देशभक्ति, उत्साह एवं उल्लास के साथ भव्य रूप से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने समारोह को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने देश के विभिन्न राज्यों की समृद्ध संस्कृति एवं विविधता को अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत किया। पारंपरिक एवं देशभक्ति से ओत-प्रोत वेशभूषा में विद्यार्थियों ने ‘अनेकता में एकता’ का सुंदर संदेश दिया। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने तिरंगे के तीनों रंगों से सजे परिधानों में मनमोहक नृत्य एवं गायन प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
विद्यार्थियों ने ‘वंदे मातरम्’, ‘भारत माता की जय’ और ‘जय हिंद’ के जयघोष से विद्यालय परिसर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। कई विद्यार्थियों ने महापुरुषों एवं स्वतंत्रता सेनानियों की वेशभूषा धारण कर उनके योगदान को याद किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने तिरंगे के सम्मान के साथ स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं राष्ट्र की प्रगति में अपनी भूमिका निभाने का संदेश दिया। पूर्व प्राथमिक कक्षाओं के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी और शानदार प्रस्तुतियां समारोह का विशेष आकर्षण रहीं।
कार्यक्रम में निर्मला अग्रवाल, सेवानिवृत्त प्राचार्य, गर्ल्स स्कूल; सविता चौधरी, सेवानिवृत्त प्राचार्य, शासकीय गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल; तथा कीर्ति मोदी, मध्यप्रदेश रीजन कन्वीनर की गरिमामयी उपस्थिति रही। वहीं चांसलर माधुरी चौरसिया एवं प्राचार्य आशुतोष रस्तोगी ने उपस्थित रहकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों, आत्मविश्वास एवं उत्साह ने अतिथियों और दर्शकों को प्रभावित किया। पूरा समारोह देशभक्ति, सांस्कृतिक विविधता एवं राष्ट्रीय एकता की भावना से ओत-प्रोत रहा।
समारोह ने “विविधताओं से भरा हमारा भारत, एकता के सूत्र में बंधा हमारा भारत” का संदेश दिया। विद्यालय परिवार ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों को देश के उज्ज्वल भविष्य का आधार बताया।