चित्तौड़गढ़। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार आगामी पंचायत राज चुनावों की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को निंबाहेड़ा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक होटल सागर, मढ़ा चौराहा-रानीखेड़ा चौराहा मार्ग पर आयोजित हुई। बैठक में पंचायत एवं बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने तथा कांग्रेस की नीतियों एवं विचारधारा को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान नवनियुक्त ब्लॉक कांग्रेस कमेटी एवं ग्राम पंचायत अध्यक्षों का स्वागत भी किया गया।
ब्लॉक कांग्रेस प्रवक्ता नितेश कुमार आंजना ने बताया कि बैठक के मुख्य अतिथि राजस्थान प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष अभय मेहता, जिला कांग्रेस महासचिव जगदीश सुथार एवं प्रिंस बाबेल उपस्थित रहे।
मजबूत संगठन ही जीत का आधार - आंजना
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना ने कहा कि आगामी पंचायत राज चुनाव कांग्रेस संगठन के लिए महत्वपूर्ण हैं। चुनावी सफलता के लिए संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करना, प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना और आमजन से निरंतर संवाद बनाए रखना आवश्यक है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने तथा कांग्रेस की जनहितैषी नीतियों, विचारधारा एवं कार्यक्रमों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। आंजना ने कहा कि आपसी समन्वय, अनुशासन और संगठनात्मक एकजुटता के साथ कार्यकर्ता चुनावी तैयारियों में जुटें।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा आमजन, किसान, मजदूर, युवा और वंचित वर्गों की आवाज बनकर कार्य करती रही है। पंचायत राज चुनाव ग्रामीण क्षेत्रों की मूलभूत समस्याओं एवं विकास से सीधे जुड़े हैं। ऐसे में कार्यकर्ताओं को जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं एवं अपेक्षाओं को समझना चाहिए।
पंचायत से बूथ स्तर तक संगठन सक्रिय करने पर जोर
बैठक में क्षेत्रवार संगठनात्मक स्थिति की समीक्षा की गई। पंचायत स्तर पर कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने, बूथ कमेटियों को सक्रिय करने, मतदाताओं से निरंतर संपर्क बनाए रखने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान को गति देने पर चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों को लेकर अभी से गंभीरता और सक्रियता के साथ जुटने का आह्वान किया गया।
बैठक में निंबाहेड़ा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष संपत धाकड़, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष गोपाल आंजना, पूर्व जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम झंवर, गोपाल जाट, जिला विधि, मानवाधिकार एवं आरटीआई विभाग अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह सोलंकी, मिन्नाना ग्राम पंचायत अध्यक्ष रघुवीर सिंह शक्तावत, ब्लॉक कांग्रेस प्रवक्ता बालकिशन अहीर, कनेरा मंडल युवा कांग्रेस अध्यक्ष कन्हैयालाल मेघवाल सहित अन्य कांग्रेसजनों ने विचार व्यक्त किए।
बैठक का संचालन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष भोपराज टांक ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, अग्रिम संगठनों के प्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं ग्रामीण क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। बैठक में आगामी पंचायत राज चुनावों को लेकर संगठन को मजबूत एवं प्रभावी बनाने के प्रति कार्यकर्ताओं में उत्साह नजर आया।