नीमच। नर्सिंग स्टूडेंट्स का भविष्य अंधकारमय हो गया है। 3 वर्ष बीत जाने के बावजूद 2020-21 में प्रथम वर्ष का एडमिशन लेने वाले नर्सिंग स्टूडेंट्स की अभी तक परीक्षा नहीं हो पाई है। परेशान नर्सिंग स्टूडेंट आज नीमच की सड़कों पर उतर आए।आज नर्सिंग छात्र संगठन ने अपनी 7 सूत्रीय मांगों को लेकर शहर के मैसी शोरूम चौराहा से रैली निकाली। अपनी मांगों को लेकर नर्सिंग के छात्रों ने तीन दिवसीय धरना प्रदर्शन का आगाज़ करते हुए विधानसभा चुनाव से पहले सरकार को चेतावनी दे डाली। नर्सिंग छात्रों की रैली शोरूम चौराहा से प्रारंभ होकर फव्वारा चौक होती हुई शहर के प्रमुख मार्गो से निकली। रैली में जनरल प्रमोशन देने सहित अन्य मांगो से जुड़ी तख्तियां छात्रों ने उठा रखी थीं।
बता दे कि नर्सिंग छात्रों की विगत तीन वर्षों से प्रथम वर्ष की परीक्षा नहीं हुई है। जिसके चलते उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नर्सिंग छात्र पहले भी कई बार ज्ञापन देकर जनरल प्रमोशन देने सहित अपनी मांगे सरकार के समक्ष रख चुके हैं। रैली से पूर्व नर्सिंग छात्र बड़ी संख्या में सोमवार को मैसी शोरूम चौराहे पर एकत्रित हुए। रैली में छात्र-छात्राएं सरकार नीतियों से नाराज होकर नारे लगाते जनरल प्रमोशन देने की मांग करते हुए चल रहे थे। छात्रों का कहना था कि परीक्षा न होने के कारण उनका पूरा कैरियर चौपट हो गया है। परिवार आर्थिक संकट में आ गया है। यदि हमारी मांगे नहीं मानी गई तो हम, हमारे परिजन और हितेषी चुनाव का बहिष्कार करेंगे। भूख हड़ताल करेंगे। उल्लेखनीय है कि नीमच जिले में करीब 800 और प्रदेश में हजारों की संख्या में नर्सिंग छात्र परीक्षा ना होने के कारण आर्थिक और मानसिक रूप से परेशान हो रहे हैं।