रतलाम। प्याज पर एक्साइज ड्यूटी के विरोध में संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा शहर में ट्रैक्टर रैली निकाली जा रही है । प्याज उत्पादक किसानों ने मंगलवार को भी मंडी में नीलामी बंद कर विरोध प्रदर्शन किया था । इसके बाद आज किसान मोर्चा द्वारा किसान आंदोलन से जुड़ी नेत्री पूनम पंडित के नेतृत्व में शहर में ट्रैक्टर रैली निकाली है। प्याज पर 40ः निर्यात शुल्क लगाए जाने से नाराज किसानों ने प्रदेश भर में चरणबद्ध आंदोलन किए जाने की चेतावनी दी है। किसान मोर्चा के नेतृत्व में महू नीमच मार्ग स्थित कृषि मंडी से ट्रैक्टर रैली निकाली गई जो सैलाना बस स्टैंड फल मंडी पर समाप्त हुई है। इस विरोध प्रदर्शन में किसान नेत्री पूनम पंडित,राजेश पुरोहित,डीपी धाकड़ सहित अन्य किसान नेता मौजूद रहे।
दरअसल सोमवार को प्याज उत्पादक किसानों ने लामबद्ध होकर केंद्र सरकार के निर्णय के विरोध में आंदोलन शुरू करने का निर्णय लिया था। विरोध कर रहे किसानों का कहना है कि केंद्र सरकार द्वारा निर्यात शुल्क 40ः किए जाने से प्याज की कीमतों में 10 से 12 रुपए प्रति किलो की कमी आ गई है। जिसकी वजह से किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। किसानों को 2 दिन पूर्व जहां प्रति क्विंटल प्याज पर 2800 रुपये प्राप्त हो रहे थे। वहीं, निर्यात शुल्क लगाए जाने के बाद दाम घटकर 1600 से 1700 रुपए प्रति क्विंटल ही रह गया है। बढ़ाया गया निर्यात शुल्क 31 दिसंबर 2023 तक लागू रहेगा। इस संबंध में भारत सरकार के वित्त मंत्रालय द्वारा राज पत्र भी जारी किया गया है। नाराज किसानों का कहना है कि सरकार की इस नीति की वजह से प्याज उत्पादक किसानों को भारी नुकसान हो रहा है। जब तक यह निर्णय वापस नहीं लिया जाता है तब तक प्रदेश भर में किसान चरणबद्ध आंदोलन जारी रखेंगे।