झाबुआ। कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सतत निरीक्षण एवं जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को संभागीय चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला की टीम ने बामनिया क्षेत्र में मिर्च पिसाई केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान लाल मिर्च पाउडर की मौके पर जांच की गई। प्रारंभिक परीक्षण में रंग की गुणवत्ता संदिग्ध पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने दो मिर्च पिसाई केंद्रों से कुल 68 किलोग्राम लाल मिर्च पाउडर जब्त कर लिया। साथ ही विस्तृत प्रयोगशाला परीक्षण के लिए तीन नमूने भी संग्रहित किए गए हैं।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी राहुल सिंह अलावा ने बताया कि संभागीय चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला के माध्यम से जिले के हाट-बाजारों, खाद्य प्रतिष्ठानों और स्थानीय निर्माताओं के यहां नियमित रूप से औचक निरीक्षण किए जाते हैं। इस प्रयोगशाला की मदद से खाद्य पदार्थों का प्रारंभिक परीक्षण मौके पर ही किया जा सकता है, जिससे मिलावट या अवमानक सामग्री की शीघ्र पहचान संभव हो पाती है।
उन्होंने बताया कि बामनिया स्थित मिर्च पिसाई केंद्रों पर जांच के दौरान लाल मिर्च पाउडर के अवमानक होने की आशंका के आधार पर कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त रूपगढ़ स्थित एक आटा फैक्ट्री से भी आटे का नमूना जांच के लिए लिया गया है।
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी राहुल सिंह अलावा, वेलसिंह मोरी तथा चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला के लैब टेक्नीशियन सहित विभागीय अमला उपस्थित रहा।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं को शुद्ध एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।