देवास। मोहर्रम पर्व को लेकर शहर में खासा उत्साह देखा जा रहा है। मोहर्रम के दूसरे दिन इटावा क्षेत्र में हर्षाेल्लास के साथ भव्य जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। जुलूस में काजी नोमान एहमद अशर्फी एवं नगर निगम सभापति अंसार अहमद विशेष रूप से उपस्थित रहे।
जुलूस का जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। पूरे मार्ग पर पुलिस प्रशासन द्वारा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था बनाई गई थी। सीएसपी सुमित अग्रवाल सहित थाना प्रभारियों ने स्वयं मौजूद रहकर जुलूस की सुरक्षा व्यवस्था संभाली।
काजी नोमान एहमद अशर्फी ने कहा कि मोहर्रम हमें त्याग, बलिदान और इंसानियत का संदेश देता है। हमें हजरत इमाम हुसैन के बताए रास्ते पर चलकर समाज में भाईचारा और अमन बनाए रखना चाहिए।
नगर निगम सभापति अंसार अहमद ने कहा कि मोहर्रम का पर्व हमें सच्चाई और न्याय के लिए खड़े होने की प्रेरणा देता है। इस तरह के आयोजन समाज में एकता और आपसी सौहार्द को मजबूत करते हैं।
पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, अनुशासन और आपसी भाईचारे का माहौल देखने को मिला।